राजस्थानी फिल्म ‘धूड़’ देशभर में होगी रिलीज, दिखेगी राजस्थान की मिट्टी और संस्कृति

 जयपुर। राजस्थानी भाषा में बनी फिल्म ‘धूड़’ (Sandstorm) देशभर के चुनिंदा सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। आनंद सिंह चौहान के निर्देशन में बनी यह फिल्म 90 के दशक की शुरुआत के राजस्थान की पृष्ठभूमि पर आधारित है।

जयपुर। राजस्थानी सिनेमा के लिए एक खास पहल के तौर पर फिल्म ‘धूड़’ (Sandstorm) देशभर के चुनिंदा सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। कलाम एकेडमी और समर जैन द्वारा प्रस्तुत इस फिल्म को सोल ऑफ डेजर्ट प्रोडक्शन और स्टूडियो ऐनाक के सहयोग से तैयार किया गया है। फिल्म का उद्देश्य राजस्थान की भाषा, संस्कृति और यहां की मिट्टी से जुड़ी कहानी को देश के अलग-अलग हिस्सों के दर्शकों तक पहुंचाना है।

आनंद सिंह चौहान ने लिखी और निर्देशित की फिल्म

‘धूड़’ को आनंद सिंह चौहान ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म को 90 के दशक की शुरुआत के राजस्थान की पृष्ठभूमि में तैयार किया गया है। यह एक पीरियड ड्रामा है, जिसमें ड्रामा, थ्रिलर, संगीत और राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को एक साथ जोड़ा गया है।

फिल्म की कहानी पारंपरिक समाज में सामंतवाद और सत्ता के प्रभाव जैसे विषयों को सामने लाती है। मारवाड़ी भाषा में बनी यह फिल्म राजस्थान के सामाजिक और सांस्कृतिक माहौल को कहानी के जरिए दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश करती है।

यशपाल शर्मा समेत ये कलाकार आएंगे नजर

फिल्म में यशपाल शर्मा, अलका अमीन और भवानी सिंह चौहान प्रमुख भूमिकाओं में हैं। वहीं विवेक पारीक, प्रवीण चौधरी और वानिक्की त्यागी इस फिल्म के जरिए अभिनय की दुनिया में कदम रख रहे हैं।

फिल्म के संगीत और ओरिजिनल साउंडट्रैक की जिम्मेदारी चर्चित गुजराती संगीतकार मेहुल सुरती ने संभाली है।

निर्देशक बोले- राजस्थान से निकली कहानी देशभर तक पहुंचेगी

निर्देशक आनंद सिंह चौहान ने कहा कि ‘धूड़’ राजस्थान की मिट्टी से जन्मी कहानी है, लेकिन फिल्म में दिखाई गई भावनाएं और मानसिक द्वंद्व हर जगह के दर्शकों से जुड़ सकते हैं। उनके मुताबिक, फिल्म में राजस्थान की संस्कृति से जुड़ी एक अलग दुनिया को सिनेमाई अंदाज में दिखाने की कोशिश की गई है।

यशपाल शर्मा भी फिल्म को लेकर उत्साहित

अभिनेता यशपाल शर्मा ने कहा कि ‘धूड़’ उन कहानियों से अलग है, जिनसे वह पहले जुड़े हैं। उन्होंने फिल्म की दुनिया, राजस्थान की संस्कृति और इसके मनोवैज्ञानिक ड्रामा को अपने लिए खास अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी में एक तरह की ईमानदारी और कच्चापन है, जिससे दर्शक जुड़ सकते हैं।

राजस्थान से निकलकर पैन-इंडिया दर्शकों तक पहुंचेगी फिल्म

‘धूड़’ का निर्माण समर जैन, नरेंद्र कृष्णिया, मुकेश पारीक, डी. एस. चौहान और अभिषेक चोपड़ा ने किया है। फिल्म के निर्माताओं का उद्देश्य राजस्थानी कहानी कहने की परंपरा को क्षेत्रीय सीमाओं से आगे ले जाकर बड़े दर्शक वर्ग तक पहुंचाना है।

यह खबर भी पढ़े!

Post a Comment

0 Comments