महू। मानपुर के भेरू घाट पर बुधवार को ढलान उतरते समय एक के बाद एक पांच वाहन टकरा गए। इनमें एक यात्री बस भी शामिल है। हादसे में करीब पांच लोगों को हल्की चोटें आईं।
टक्कर के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही मानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाने का काम शुरू कराया। थाना प्रभारी अरुण सोलंकी के मुताबिक हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है।
हादसे के कारण मुंबई-आगरा फोरलेन पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की कतार लगने से कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए वाहनों को हटवाकर रास्ता साफ कराया।
भेरू घाट की ढलान पर पहले भी सड़क हादसे सामने आते रहे हैं। ढलान पर वाहनों की गति और अचानक ब्रेक लगने जैसी स्थिति को हादसों की एक वजह माना जाता है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने इस संवेदनशील हिस्से में ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की जरूरत बताई है।

0 Comments