बिप्लब कुमार देव बने MP BJP के नए प्रभारी, जानिए कौन हैं

 भोपाल। भाजपा ने मध्य प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए बिप्लब कुमार देव को नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं रेखा वर्मा को सह-प्रभारी बनाया गया है।

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए मध्य प्रदेश के नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति कर दी है। पार्टी ने त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा लोकसभा सांसद बिप्लब कुमार देव को मध्य प्रदेश का प्रदेश प्रभारी बनाया है। वहीं सांसद रेखा वर्मा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कौन हैं बिप्लब कुमार देव?

बिप्लब कुमार देव भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं। वे 9 मार्च 2018 से 14 मई 2022 तक त्रिपुरा के मुख्यमंत्री रहे। उनके नेतृत्व में भाजपा ने 2018 के विधानसभा चुनाव में त्रिपुरा में सरकार बनाई थी।

मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद देव राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय हुए। सितंबर 2022 में वे राज्यसभा के लिए चुने गए और 2024 के लोकसभा चुनाव में त्रिपुरा पश्चिम सीट से जीतकर लोकसभा पहुंचे। वर्तमान में वे भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

अब मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी

भाजपा के संगठनात्मक फेरबदल में बिप्लब देव को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले डॉ. महेंद्र सिंह मध्य प्रदेश के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उन्हें अब उत्तर प्रदेश का प्रभार दिया गया है।

नई जिम्मेदारी के साथ बिप्लब देव मध्य प्रदेश में भाजपा के संगठनात्मक कामकाज और पार्टी की केंद्रीय नेतृत्व के साथ समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। पार्टी ने देश के कई राज्यों के प्रभारियों और सह-प्रभारियों में एक साथ बदलाव किया है।


Post a Comment

0 Comments