वृंदावन में महिलाओं ने साधु को कमरे में घेरा, जमकर की पिटाई; गंभीर आरोपों से मचा हड़कंप

 मथुरा: वृंदावन में महिलाओं के एक समूह ने एक गेस्ट हाउस में ठहरे साधु की लात-घूंसों से पिटाई कर दी।

मथुरा। वृंदावन में महिलाओं के एक समूह ने एक साधु की गेस्ट हाउस के कमरे में लात-घूंसों से पिटाई कर दी। साधु पर महिलाओं ने शारीरिक शोषण, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान हिम्मत गिरी उर्फ हेमंत राज मीणा के रूप में हुई है। आरोप है कि वह विधवा और निसंतान महिलाओं को अपने संपर्क में लेकर उनका शोषण करता था और बाद में वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करता था। महिलाओं की ओर से 100 से ज्यादा महिलाओं को अपने जाल में फंसाने का दावा भी किया गया है।

बताया जा रहा है कि करीब सात महीने पहले एक महिला ने आरोपी के खिलाफ राजस्थान में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से वह फरार बताया जा रहा था। महिलाओं ने विश्व हिंदू परिषद से जुड़े कुछ पदाधिकारियों के साथ मिलकर उसे वृंदावन बुलाने की योजना बनाई।

आरोपी के गेस्ट हाउस में ठहरने की जानकारी मिलने के बाद सोमवार रात कुछ महिलाएं वहां पहुंचीं और उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। पुलिस ने साधु को हिरासत में लेकर महिला की शिकायत और लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments