इंदौर के स्नेह नगर स्थित नवलखा कॉम्प्लेक्स में मंगलवार दोपहर पुरानी लिफ्ट दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे के वक्त लिफ्ट में सात लोग सवार थे, सभी घायल हुए।
इंदौर। जूनी इंदौर थाना क्षेत्र के स्नेह नगर स्थित नवलखा कॉम्प्लेक्स में मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे बड़ा हादसा हो गया। कॉम्प्लेक्स की पुरानी लिफ्ट दूसरी मंजिल से अचानक नीचे गिर गई। हादसे के समय लिफ्ट में सात लोग सवार थे और सभी घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, लिफ्ट में निर्धारित क्षमता से अधिक लोग सवार थे। अचानक लिफ्ट नीचे गिरने से उसमें मौजूद लोग अंदर फंस गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का गेट तोड़कर सभी सात लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायलों में पंजाब से आए छह लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे में अंकित ढींगरा को पैर में गंभीर चोट आई है।
रिपोर्टों के अनुसार, कॉम्प्लेक्स की बिल्डिंग करीब 50 साल पुरानी है और लिफ्ट करीब 40 साल पुरानी है। लिफ्ट के रखरखाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। लिफ्ट गिरने की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।

0 Comments