दूरदर्शी सोच के साथ लक्ष्य तय करें, लगातार मेहनत करें: सुरेशसिंह भदौरिया

 इंदौर। मालवांचल यूनिवर्सिटी एवं इंडेक्स समूह संस्थान के चेयरमैन सुरेशसिंह भदौरिया ने एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘विजीगिशु-2026’ में छात्रों से संवाद किया।

इंदौर। मालवांचल यूनिवर्सिटी एवं इंडेक्स समूह संस्थान के चेयरमैन सुरेशसिंह भदौरिया ने एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘विजीगिशु-2026’ में छात्रों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में विद्यार्थियों के लिए केवल अपने विषय का ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें दुनिया में हो रहे सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और रणनीतिक बदलावों की भी समझ विकसित करनी चाहिए।

भदौरिया ने छात्रों से दूरदर्शी सोच के साथ अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए और उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

सम्मेलन का आयोजन एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज, एमिटी यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश, नोएडा कैंपस ने इंडियन काउंसिल ऑफ वर्ल्ड अफेयर्स (ICWA) और रूस की MGIMO यूनिवर्सिटी के सहयोग से किया। सम्मेलन के सातवें संस्करण का विषय ‘दक्षिण पूर्व एशिया और वैश्विक दक्षिण : बहुध्रुवीय दुनिया में उभरती सुरक्षा, स्थिरता और रणनीतिक गतिशीलता’ रखा गया।

कार्यक्रम में विभिन्न देशों के राजनयिकों, शिक्षाविदों, नीति विशेषज्ञों और विद्यार्थियों ने वैश्विक परिस्थितियों एवं बदलती अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था पर विचार साझा किए। भारत के पूर्व राजदूत गुरजीत सिंह ने भारत को आसियान और वैश्विक दक्षिण के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताया। वहीं MGIMO यूनिवर्सिटी की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुज़ाना एडम्यंट्स ने भारत-रूस संबंधों को मजबूत बताते हुए शांति और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की बात कही।

एमिटी यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) बलविंदर शुक्ला ने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों को समकालीन वैश्विक घटनाक्रमों से जोड़ने और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को समझने के लिए ऐसे मंच तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। सम्मेलन के दौरान सम्मेलन सारांश पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।

Post a Comment

0 Comments