भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार सुबह 21 वर्षीय इखलास उर्फ ताशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
भोपाल। निशातपुरा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार सुबह 21 वर्षीय इखलास उर्फ ताशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, ताशी अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से मछली पकड़ने जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे अलीम उर्फ अल्लू ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर ताशी के सिर में गोली मार दी।
गोली लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। वारदात के बाद आरोपी बाइक चला रहे युवक को पिस्टल दिखाकर अपने साथ सिंधी कॉलोनी तक ले गया और फिर फरार हो गया। युवक वापस घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने अलीम उर्फ अल्लू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में करीब 15 दिन पहले महिला को लेकर ताशी और अलीम के बीच विवाद और मारपीट की बात सामने आई है। पुलिस इसी पुराने विवाद को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।

0 Comments