इंदौर: पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने अनंत चतुर्दशी के अगले दिन स्थानीय अवकाश घोषित करने की मांग की है।
इंदौर: अनंत चतुर्दशी के अवसर पर निकलने वाली झांकियों और शहर की परंपरा को देखते हुए पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा को पत्र लिखकर अनंत चतुर्दशी के अगले दिन स्थानीय अवकाश घोषित करने की मांग की है।
25 सितंबर को लिखे पत्र में विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर में अनंत चतुर्दशी का पर्व बड़े उत्साह और धार्मिक परंपरा के साथ मनाया जाता है। इस दौरान शहर के विभिन्न स्थानों से झांकियां निकलती हैं, जो देर रात से लेकर पूरी रात तक चलती हैं। बड़ी संख्या में नागरिक झांकियों में शामिल होते हैं और उन्हें देखने के लिए देर रात तक शहर में मौजूद रहते हैं।
पत्र में उन्होंने कहा कि इंदौर में वर्षों से अनंत चतुर्दशी के अगले दिन अवकाश रखने की परंपरा रही है। उन्होंने आमजन की सुविधा और स्थानीय परंपरा को ध्यान में रखते हुए अगले दिन स्थानीय अवकाश घोषित करने का आग्रह कलेक्टर से किया है।

0 Comments