इंदौर। खजराना गणेश मंदिर में 14 सितंबर से 10 दिवसीय गणेश उत्सव शुरू होगा। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बुधवार को मंदिर पहुंचकर उत्सव की तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की। बैठक में दर्शन, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, सजावट और प्रसाद वितरण की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
![]() |
| शिवम वर्मा, इंदौर कलेक्टर |
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सिद्धि विनायक अस्पताल से प्रवेश और कालका माता मंदिर गेट से निकासी की एकांगी व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। मंदिर के अंदर झिग-झैग और स्टेपिंग व्यवस्था रहेगी। जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग और दिशा-निर्देशक बोर्ड लगाए जाएंगे। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
उत्सव के दौरान मंदिर परिसर को धार्मिक थीम पर विद्युत और पुष्प सजावट से सजाया जाएगा। भगवान श्री गणेश का स्वर्ण आभूषणों से विशेष श्रृंगार होगा। परंपरा के अनुसार भगवान को सवा लाख मोदक का भोग लगाया जाएगा और भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
दस दिवसीय उत्सव में भजन, धार्मिक नाट्य मंचन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। खजराना गणेश भगवान का नगर भ्रमण भी होगा, जिसके लिए आकर्षक रथ और झांकी तैयार की जाएगी। चल समारोह के बाद झांकी को तीन दिनों तक मंदिर परिसर में दर्शन के लिए रखा जाएगा।
बैठक में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल और इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. परीक्षित झाड़े सहित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को उत्सव से पहले सभी तैयारियां पूरी करने और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।


0 Comments