इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में एक दिवसीय तिरंगा स्टेडियम रन का आयोजन किया गया। देशभक्ति और फिटनेस के संदेश के साथ आयोजित इस दौड़ में देश के अलग-अलग शहरों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मैराथन सुबह 5 बजे शुरू हुई और शाम 5 बजे तक चली। यानी प्रतिभागियों ने लगातार 12 घंटे तक दौड़ लगाई।
इस आयोजन में अनुभवी धावकों के साथ बड़ी संख्या में फिटनेस और खेल प्रेमी भी शामिल हुए। मैराथन के दौरान प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बना और स्टेडियम में देशभक्ति के साथ फिटनेस का संदेश भी देखने को मिला।
आयोजन में इंदौर के श्री राजोरिया भी आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से लगातार दौड़ रहे हैं। खास बात यह रही कि उन्होंने इस मैराथन में उल्टा दौड़ते हुए हिस्सा लिया। राजोरिया ने देश ध्वनि से बातचीत में बताया कि उन्होंने करीब 7 घंटे में 48 किलोमीटर की दूरी पूरी की।
राजोरिया ने युवाओं से स्वस्थ रहने और नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिट रहने के लिए दौड़ और व्यायाम को जीवनशैली में शामिल करना जरूरी है।
वहीं, एडवोकेट नितिन भाटी ने भी युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नियमित एक्सरसाइज करने और अपने स्वास्थ्य पर ध्यान देने की अपील की।
तिरंगा स्टेडियम रन के जरिए आयोजकों और प्रतिभागियों ने देशभक्ति के साथ फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त युवा समाज का संदेश देने का प्रयास किया।

0 Comments