इंदौर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि शहर में 21 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत उम्मीद है कि लक्ष्य से भी ज्यादा, करीब 25 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि 9 अगस्त को रेवती रेंज पर 51 हजार पौधों का वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल होंगे। इस दौरान करीब 10 से 15 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है।
विजयवर्गीय ने रेवती रेंज को मानव निर्मित जंगल बताते हुए कहा कि दो साल पहले जब यहां पौधारोपण शुरू किया गया था, तब यह पथरीली पहाड़ी थी। आज यहां करीब 12 लाख 40 हजार पेड़ लगाए जा चुके हैं और चारों तरफ हरियाली दिखाई देती है। उन्होंने पौधों को पेड़ बनाने में नगर निगम और जनकार्य समिति अध्यक्ष राजेंद्र राठौड़ के प्रयासों को भी श्रेय दिया।
फिर होगी पेड़ों की गिनती
मंत्री ने कहा कि रेवती रेंज पर लगाए गए पेड़ों की एक बार फिर गिनती कराई जाएगी। एशियन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम भी पेड़ों की गिनती के लिए पहुंचेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसके जरिए इंदौर एक बार फिर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएगा।
दतूनी टेकरी पर लगेंगे एक लाख पेड़
विजयवर्गीय ने कहा कि दतूनी टेकरी पर एक लाख पेड़ लगाए जाएंगे और इसे पितृ पर्वत की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इंदौर के आसपास की टेकरियों को माइनिंग से बचाने के लिए उन्हें हराभरा करने का अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सुपर कॉरिडोर में करीब 100 एकड़ जमीन पर 2 से 3 लाख पौधे लगाने की योजना है। साथ ही शहर के बगीचों में भी देशी प्रजातियों के पेड़ों से घना जंगल तैयार करने का प्रस्ताव है।
विजयवर्गीय ने कहा कि अभियान में युवाओं और खासकर Gen Z को जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि युवा रचनात्मक गतिविधियों के जरिए पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी करें।

0 Comments