इंदौर में राज्यसभा सांसद सी. सदानंदन मास्टर का प्रेरक व्याख्यान, 'संघर्ष से संसद तक' पर रखेंगे विचार

 


इंदौर की सामाजिक संस्था 'सार्थक' के तत्वावधान में रविवार, 9 अगस्त को एक विशेष प्रेरक व्याख्यान का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रख्यात शिक्षाविद्, राष्ट्रचिंतक एवं राज्यसभा सांसद सी सदानंदन मास्टर होंगे। वे "संघर्ष से संसद तक - वैचारिक प्रतिबद्धता" विषय पर अपने विचार साझा करेंगे।

संस्था के संयोजक दीपक जैन "टीनू" ने बताया कि सदानंदन मास्टर का जीवन संघर्ष, साहस और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। उन्होंने राजनीतिक हिंसा जैसे अमानवीय हमलों का सामना करने के बावजूद अपने विचारों और सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। विपरीत परिस्थितियों में भी वे वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय रहे। उनका जीवन युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

आयोजकों के अनुसार, व्याख्यान में संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा, वैचारिक दृढ़ता, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सकारात्मक सोच, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।

यह कार्यक्रम रविवार, 9 अगस्त 2026 को शाम 4:00 बजे महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय सभागृह, सुयश हॉस्पिटल के सामने, एबी रोड, इंदौर में आयोजित होगा। संस्था 'सार्थक' ने शहर के शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments