सरकारी स्कूल में छात्राओं की बोतल में पेशाब, हेडमास्टर बोले चॉकलेट खा लो?

 


गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के आरोन विकासखंड के एक सरकारी प्राथमिक स्कूल में दो छात्राओं की पानी की बोतल में कथित तौर पर पेशाब मिलाकर पिलाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने स्कूल में तालाबंदी भी कर दी।

छात्राओं का आरोप है कि कुछ छात्रों ने उनकी पानी की बोतल में पेशाब मिला दिया। जब उन्होंने इसकी शिकायत प्रधानाध्यापक से की तो आरोप है कि उन्होंने गंभीरता दिखाने के बजाय कथित तौर पर कहा कि मुंह खराब हो गया है तो चॉकलेट खा लो। इस रवैये से छात्राओं के परिजन नाराज हो गए।

मामले की सूचना मिलने पर तहसीलदार और खंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी किया है और बीईओ को दो दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह कक्षा के ही एक छात्र की शरारत का मामला बताया जा रहा है। हालांकि, घटना की वास्तविकता और जिम्मेदारी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

प्रशासन ने छात्राओं, उनके परिजनों और कथित रूप से घटना में शामिल छात्रों के बयान दर्ज किए हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों ने दोषियों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments