लगातार तीसरे दिन खाद्य विभाग का छापा, सीकेडी में मिली खामी



इंदौर। आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर इंदौर शिवम वर्मा के निर्देशन में जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति की जांच की जा रही है।


इसी क्रम में आज दिनांक 22 अगस्त 2026 को जिला प्रशासन से श्रीमती सपना शर्मा, तहसीलदार इंदौर के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल द्वारा 75-A, निरंजनपुर, एबी रोड, इंदौर स्थित CKD Garden & Restaurant का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर अंश ठाकुर मौके पर उपस्थित पाए।  निरीक्षण दल द्वारा प्रतिष्ठान के किचन, स्टोर रूम एवं खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किचन में स्थित डीप फ्रीजर में वेज एवं नॉन-वेज खाद्य पदार्थों को एक साथ रखा हुआ पाया गया, जो खाद्य पदार्थों के सुरक्षित एवं पृथक भंडारण की दृष्टि से उचित नहीं है। इसके अतिरिक्त कुछ खाद्य पदार्थों को पैलेट पर रखे बिना संग्रहित किया जाना पाया गया। स्टोर रूम में खाद्य पदार्थों के साथ अखाद्य पदार्थों का भी संग्रहण किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण में प्रयुक्त होने वाले पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाई गई। खाद्य निर्माण एवं हैंडलिंग में कार्यरत कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। साथ ही प्रतिष्ठान में पेस्ट कंट्रोल से संबंधित रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं पाया गया। इस दौरान पनीर, काजू, तुअर दाल एवं घी के नमूने लिए गए।


खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के उद्देश्य से मौके से भोजन निर्माण में प्रयोग किए जाने वाले पनीर, काजू, तुअर दाल एवं घी के कुल 4 नमूने जांच हेतु लिए गए हैं। सभी नमूनों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप जांच के लिए खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

Post a Comment

0 Comments