36 साल में 30 हजार दिव्यांग बच्चों का हुआ निःशुल्क उपचार, अब यूनिक हॉस्पिटल में बनेगा 30 बेड का विशेष वार्ड

 इंदौर के यूनिक हॉस्पिटल में 5 नवंबर को 30 बेड के निःशुल्क बाल सेवा विशिष्ट वार्ड का लोकार्पण होगा। 36 वर्षों में अभियान के तहत करीब 30 हजार दिव्यांग बच्चों के निःशुल्क ऑपरेशन किए जाने का दावा है।

इंदौर। दिव्यांग बच्चों के उपचार और पुनर्वास के लिए इंदौर में 30 बेड का निःशुल्क बाल सेवा विशिष्ट वार्ड शुरू होने जा रहा है। यूनिक हॉस्पिटल, नीमा इंस्टीट्यूट फॉर ऑर्थोपेडिक एंड रिहैबिलिटेशन ट्रस्ट और आरोग्य भारती इंदौर महानगर की संयुक्त पहल पर इसका लोकार्पण 5 नवंबर को शाम 7 बजे यूनिक हॉस्पिटल में होगा।

इस सेवा अभियान की शुरुआत वर्ष 1991 में हुई थी। पिछले 36 वर्षों में 548 चिकित्सा शिविरों के माध्यम से करीब 30 हजार दिव्यांग बच्चों के निःशुल्क ऑपरेशन किए जा चुके हैं। बच्चों को उपचार के साथ कृत्रिम उपकरण और पुनर्वास की सुविधाएं भी दी गई हैं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह आलोक कुमार मुख्य अतिथि होंगे। आरोग्य भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय विशेष अतिथि और तिरुपति स्टार्च एंड केमिकल्स लिमिटेड के एमडी अमित मोदी अध्यक्षता करेंगे।

यूनिक हॉस्पिटल के एमडी डॉ. प्रमोद नीमा और आरोग्य भारती मालवा प्रांत के कार्याध्यक्ष डॉ. लोकेश जोशी ने बताया कि नए वार्ड का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के दिव्यांग बच्चों को निःशुल्क और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।

Post a Comment

0 Comments