देवास के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की मौत के विरोध में इंदौर कांग्रेस ने रीगल तिराहे पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। मानव श्रृंखला बनाकर प्रदेश में शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
इंदौर। देवास में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी के मामले को लेकर इंदौर में कांग्रेस ने विरोध दर्ज कराया। सोमवार शाम रीगल तिराहे पर कांग्रेस नेताओं ने गांधी प्रतिमा के सामने मोमबत्तियां जलाकर टीआई को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मानव श्रृंखला बनाकर प्रदेश में शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने प्रदेश में शराब के अवैध कारोबार को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देवास में जहरीली शराब से हुई मौते, और अब एक पुलिस अधिकारी की जान जाने की घटना बेहद गंभीर है। उनके मुताबिक, प्रशासनिक अधिकारियों पर कार्रवाई करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि शराब के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर शिकंजा कसना जरूरी है।कांग्रेस ने देवास और सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों का जिक्र करते हुए कहा कि अधिकारियों के तबादले हुए, लेकिन माफियाओं के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में राजेश चौकसे, सोनिला मिमरोट भाटिया, राजू भदौरिया, सादिक खान, रफीक खान, अमन बजाज, शैलेश गर्ग, संजय बाकलीवाल सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

0 Comments