इंदौर की 333 ग्राम पंचायतों में कांग्रेस बनाएगी वार्ड अध्यक्ष, गांव-गांव चौपाल से संगठन मजबूत करने की तैयारी

इंदौर जिला कांग्रेस 333 ग्राम पंचायतों में पंच स्तर पर वार्ड अध्यक्ष नियुक्त करने की तैयारी कर रही है। गांवों में चौपाल लगाकर वोट चोरी और मतदाता सूची पुनरीक्षण पर चर्चा की जा रही है।

इंदौर। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इन चौपालों में वोट चोरी के मुद्दे पर आम जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चर्चा की जा रही है। इसके साथ ही मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम भी किया जा रहा है।

जिला कांग्रेस की योजना इंदौर जिले की सभी 333 ग्राम पंचायतों में पंच स्तर पर वार्ड अध्यक्ष नियुक्त करने की है। पार्टी के अनुसार, इसके जरिए संगठन को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कहा कि पंच स्तर पर वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति से करीब 100 से 150 मतदाताओं के बीच संगठन का एक प्रतिनिधि मौजूद रहेगा। जिला कांग्रेस इसे माइक्रो लेवल पर संगठन विस्तार की पहल बता रही है।

पार्टी का मानना है कि इस व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ेगी और संगठन को स्थानीय स्तर पर सक्रिय रखने में मदद मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments