इंदौर में शूटिंग के दौरान पुलिस पर अभद्रता और रिश्वत मांगने का आरोप लगाने वाले एक्टर कपिल खादीवाला ने सोशल मीडिया से अपना वीडियो हटा लिया है। मामले की जांच कर रही पुलिस ने उन्हें और उनके मैनेजर को बयान एवं सबूत पेश करने के लिए बुलाया है।
शूटिंग के दौरान पुलिस पर आरोप लगाने वाले एक्टर कपिल खादीवाला ने शेम ऑन पुलिस लिखकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था, जिसे उन्होंने हटा लिया है।
पुलिस पर लगे आरोपों को लेकर तिलक नगर पुलिस जांच कर रही है वहीं आज उन्हें क्राइम ब्रांच ने भी बुलाकर जवाब देने को कहा है। खादीवाला ने यह आरोप एक वेब सीरिज फिल्म की शूटिंग के दौरान पुलिस द्वारा की गई कथित अभद्रता और रिश्वत की मांग को लेकर लगाया था। उन्होंने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें ये आरोप लगाए गए थे।
हालांकि उन्होंने वीडियो हटा लिया है। उन्होंने तिलक नगर थाने में अपने बयान भी दर्ज करवाए। उन्होंने कहा कि घटना के वक्त वे शूटिंग स्थल पर नहीं थे, लेकिन उनके मैनेजर विकास त्रिपाठी ने उन्हें पुलिस की बदसलूकी और रिश्वत मांगने की बात बताई थी। पुलिस ने विकास को भी बयान के लिए बुलाया, लेकिन वे नहीं आए। पुलिस ने उनसे रिश्वत मांगने की रिकार्डिंग और सबूत भी मांगे, लेकिन वे पेश नहीं कर सके।
इसी को लेकर क्राइम ब्रांच ने भी खादीवाला को नोटिस जारी कर बुलाया है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने उन्हें आज बयान देने के लिए बुलाया है। उधर बताया जा रहा है कि शूटिंग स्थल पर तेज आवाज में लाउड स्पीकर बजाया जा रहा था, जिसकी शिकायत पर पुलिस वहां पहुंची थी।

0 Comments