मेले में कांग्रेस विधायक का हंगामा, माइक-कुर्सियां फेंकीं; CM धामी को दी चुनाव लड़ने की चुनौती

 उत्तराखंड के जौलजीबी मेले में माइक बंद होने पर कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी भड़क गए। उन्होंने मंच पर माइक-कुर्सियां फेंकीं और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 2027 में धारचूला से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। मामले में विधायक समेत छह लोगों पर FIR दर्ज हुई है।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी ने जमकर हंगामा किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से जाने के बाद माइक बंद होने पर विधायक नाराज हो गए। उन्होंने मंच पर माइक फेंका और साउंड सिस्टम के कर्मचारियों से बहस करने लगे। इस दौरान मंच पर कुर्सियां और अन्य सामान भी फेंके गए। 

हरीश सिंह धामी धारचूला विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं। उनका आरोप था कि मुख्यमंत्री के सामने उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया गया। वे क्षेत्र की समस्याएं, अधूरे विकास कार्य और सड़कों की बदहाल स्थिति मुख्यमंत्री के सामने उठाना चाहते थे।

हंगामे के दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 'डरपोक धामी' कहते हुए 2027 का विधानसभा चुनाव धारचूला से लड़ने की चुनौती भी दे दी।

घटना के बाद पुलिस ने विधायक हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में तोड़फोड़, सरकारी कार्य में बाधा और अन्य आरोपों के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

Post a Comment

0 Comments