जहरीली शराब कांड में पुलिस ने पकड़ी एक और सप्लाई चेन, दो नए आरोपी गिरफ्तार

चंदाना-बिंजाना जहरीली शराब मामले में पुलिस ने विनोद जायसवाल को शराब सप्लाई करने के आरोप में दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। अब तक 18 आरोपी बनाए गए हैं और 16 की गिरफ्तारी हो चुकी है।

देवास। चंदाना-बिंजाना में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में जांच अब शराब के पूरे नेटवर्क तक पहुंच रही है। पुलिस ने ऐसे दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर मुख्य आरोपी विनोद जायसवाल तक शराब पहुंचाने का आरोप है। इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब का कारोबार किन-किन लोगों के जरिए संचालित हो रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल गिरी उर्फ राहुल गोस्वामी और जितेंद्र मालवीय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों विनोद जायसवाल को शराब उपलब्ध कराते थे। विनोद इस शराब को अपने घर से चंदाना क्षेत्र में सप्लाई करता था। जांच में शराब जुटाने के तीन अलग-अलग स्रोत सामने आए हैं, जिनमें राहुल और जितेंद्र से जुड़ी सप्लाई भी शामिल है।

बची हुई शराब ठिकाने लगाने की कोशिश में खुला मामला

चंदाना में संदिग्ध मौतों के बाद पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बची हुई शराब को छिपाने के लिए कार से जा रहे हैं। पुलिस ने अम्बेडकर नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी कर वरना कार को रोका। तलाशी में छह पेटियों से 300 क्वार्टर देशी शराब बरामद हुई। कुल शराब की मात्रा 54 लीटर बताई गई। इस कार्रवाई में अजय उर्फ अज्जू राठौर, विनोद जायसवाल और रामेश्वर सोनगरा पकड़े गए थे।

AI पर शराब बनाने का तरीका खोजने की बात भी आई सामने

पुलिस की पूछताछ में शराब तैयार करने और उसमें मिलावट की योजना से जुड़े तथ्य सामने आए। पुलिस के मुताबिक, अजय उर्फ अज्जू राठौर ने AI की मदद से शराब बनाने का तरीका खोजा था। जांच में केमिकल की व्यवस्था और शराब में मिलावट करने की कोशिश की बात भी सामने आई। इस मामले में केमिकल उपलब्ध कराने वाले इंदौर के पिता-पुत्र को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

18 लोगों पर कार्रवाई, दो की तलाश जारी

कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के अनुसार, प्रकरण में अब तक 18 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें से 16 गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि गोविंद सहित दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की सप्लाई, केमिकल की व्यवस्था और वितरण में और कौन लोग शामिल थे।

Post a Comment

0 Comments