तिरुपति बालाजी मंदिर में चेन्नई के कारोबारी वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने 121 किलो सोने के आभूषण दान किए। TTD के अनुसार इनकी कीमत 207.6 करोड़ रुपये है।
तिरुमला। आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर में एक कारोबारी दंपती ने भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलोग्राम सोने के आभूषण दान किए हैं। मंदिर के इतिहास में इसे सबसे बड़े व्यक्तिगत सोने के दान में से एक माना जा रहा है।
दान करने वाले चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन हैं। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के आधिकारिक बयान के मुताबिक, इन आभूषणों की कुल कीमत 207.6 करोड़ रुपये है।
46 प्रकार के आभूषण किए भेंट
इस भव्य दान में कुल 46 आभूषण शामिल हैं। इनमें सोने का मुकुट, हार, कमरबंद, बाजूबंद, हाथों और पैरों के आभूषण सहित कई पारंपरिक आभूषण शामिल हैं। इनमें कीमती रत्न और हीरे भी जड़े गए हैं।
कुल 121 किलो सोने में से 106 किलो सोने से भगवान वेंकटेश्वर के आभूषण तैयार किए गए हैं, जबकि शेष 15 किलो सोने से तिरुचानूर मंदिर में देवी पद्मावती के लिए स्वर्ण वस्त्र तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी रहे मौजूद
26 नवंबर को आभूषणों का दान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान TTD के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, इन आभूषणों का इस्तेमाल भगवान वेंकटेश्वर के दैनिक अनुष्ठानों और विशेष श्रृंगार में किया जाएगा।

0 Comments