अखिलेश यादव ने सपा के घोषणा पत्र कार्यक्रम में भाजपा पर भू-माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने सत्ता में आने पर जमीन कब्जे, अवैध वसूली और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र कार्यक्रम में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश में जमीनों पर अवैध कब्जे और भू-माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में जमीनों पर कब्जे हो रहे हैं और प्रभावशाली लोगों को संरक्षण मिल रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रदेश को माफिया और गुंडाराज से आजादी दिलाई जाएगी। किसी भी माफिया या प्रभावशाली व्यक्ति को गरीबों की जमीन पर कब्जा नहीं करने दिया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि इसके लिए एक विशेष टास्क फोर्स (STF) बनाई जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि STF के नाम पर किसी गरीब और असहाय व्यक्ति को परेशान न किया जाए। आम लोग डायल 100 पर शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
अखिलेश यादव ने कहा कि अगले साल जब समाजवादी पार्टी सत्ता में आएगी, तब जमीनों पर कब्जे, अवैध वसूली और महिलाओं के खिलाफ अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आरोपी चाहे किसी भी राजनीतिक दल का हो या कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित करना और गरीबों को न्याय दिलाना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता होगी।

0 Comments