सपा के घोषणा पत्र कार्यक्रम में आजम खान ने जेल में बिताए समय और परिवार की परेशानियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पांच साल की कैद ने उन्हें प्रभावित किया, लेकिन वे सख्त जान हैं और कुछ करके ही मरेंगे।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता आजम खान ने अपने संबोधन में जेल में बिताए समय, परिवार को हुई परेशानियों और अपने राजनीतिक सफर का दर्द बयां किया। उन्होंने अखिलेश यादव का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि पांच साल की कैद ने उनके दिल और दिमाग पर काफी असर डाला है।
आजम खान ने कहा, "एक आधा जिंदा आदमी आपके सामने खड़ा है। इस पांच साल की कैद ने दिल-दिमाग को काफी प्रभावित किया है। कोई आम इंसान होता तो उसे अब तक मर जाना चाहिए था। जिस घृणा का सामना हमने किया है, हमें मर जाना चाहिए था, लेकिन हम सख्त जान हैं, कुछ करके ही मरेंगे।"
उन्होंने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी के 50 साल नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के साथ बिताए और अब अखिलेश यादव के साथ हैं।
आजम खान ने कहा कि समाजवादी पार्टी का घोषणा पत्र महज मैनिफेस्टो नहीं है। इसमें जो बातें लिखी गई हैं, उनके अलावा भी आगे बहुत कुछ हो सकता है।
ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग खुद सरकार नहीं बना सकते, लेकिन दूसरों की सरकार बनने से रोकने का काम करते हैं। उन्होंने कहा, "हम वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं।"
उन्होंने जेल में अपने बेटे के साथ बिताए समय और परिवार को हुई परेशानियों का भी जिक्र किया।

0 Comments