इंदौर। इंदौर में पहली बार विवांता अमलतास इंदौर की शुरुआत शहर के होटल उद्योग और लग्जरी हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यह होटल केवल लग्जरी लाइफस्टाइल का प्रतीक नहीं, बल्कि शहरवासियों और यहां आने वाले देश-विदेश के मेहमानों को ताज और टाटा ग्रुप की प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी का अनुभव लेने का नया विकल्प भी उपलब्ध कराएगा। होटल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार, यह पहल इंदौर और उज्जैन क्षेत्र में लग्जरी होटल एवं पर्यटन सुविधाओं के विस्तार में मील का पत्थर साबित हो सकती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। प्रदेश में आधुनिक सुविधाओं से युक्त होटल एवं अन्य बड़ी परियोजनाओं में निवेश से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हो रहा है और जनता के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।
इंदौर-उज्जैन क्षेत्र में पर्यटन और होटल उद्योग को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए इंदौर का महत्व और अधिक बढ़ गया है। उज्जैन के निकट होने के कारण इंदौर में पर्यटकों, श्रद्धालुओं और व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की आवाजाही में वृद्धि होगी। ऐसे में कॉर्पोरेट जगत की बैठकों, व्यापारिक आयोजनों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होटल्स की महती भूमिका होती है। उन्होंने होटल के शुभारंभ पर बधाई देते हुए कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर अहिल्या की नगरी इंदौर को यह नई सुविधा मिलना विशेष महत्व रखता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि होटल पर्यटन, व्यापार और कॉर्पोरेट गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ ही इंदौर की आधुनिक आतिथ्य सुविधाओं को और मजबूत करेगा। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी तथा रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। इस अवसर पर सांसद श्री शंकर लालवानी, विधायक श्री रमेश मेंदोला तथा विधायक श्री मधु वर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री सुमित मिश्रा, अध्यक्ष ग्रामीण श्री श्रवण सिंह चावड़ा,सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
विवांता होटल से शहर की हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को नई दिशा
विवांता अमलतास इंदौर की शुरुआत से शहर में लग्जरी होटल सेवाओं के विकल्पों का विस्तार होने की संभावना है। प्रीमियम आतिथ्य सुविधाएं व्यावसायिक यात्रियों, कॉर्पोरेट बैठकों, सामाजिक समारोहों और पर्यटन से जुड़े मेहमानों की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे स्थानीय होटल उद्योग में प्रतिस्पर्धा बढ़ने के साथ सेवा गुणवत्ता और अतिथि अनुभव पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। तेजी से विकसित हो रहे इंदौर में औद्योगिक गतिविधियों, व्यावसायिक आयोजनों, धार्मिक पर्यटन और शादी समारोहों के कारण बेहतर आतिथ्य सुविधाओं की मांग बढ़ रही है। ऐसे में प्रीमियम होटल की शुरुआत से शहर की हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। खासकर उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं, कॉर्पोरेट मेहमानों और पारिवारिक आयोजनों के लिए इंदौर एक प्रमुख ठहराव केंद्र के रूप में अपनी भूमिका मजबूत कर सकता है। इंदौर की पहचान व्यापार, खानपान, स्वच्छता और तेजी से विकसित होते शहरी ढांचे के कारण देशभर में मजबूत हुई है। वहीं, उज्जैन के धार्मिक महत्व और महाकाल लोक के कारण इस क्षेत्र में पर्यटकों तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ी है। ऐसे में प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी सुविधाओं का विस्तार पूरे मालवा क्षेत्र के पर्यटन परिदृश्य को मजबूती देगा।

0 Comments