महेश्वर में नर्मदा नदी से इंदौर के 343 वोटर आईडी कार्ड मिलने का कांग्रेस नेता ने दावा किया है। पंचनामा तैयार होने और एफआईआर की तैयारी की जानकारी दी गई है, लेकिन फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
खरगोन/इंदौर। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर में नर्मदा नदी में इंदौर के 343 वोटर आईडी कार्ड मिलने का मामला सामने आया है। कांग्रेस के मुताबिक, इंदौर से सफाई अभियान के लिए करीब 40 से 50 लोगों की टीम वहां पहुंची थी। सफाई के दौरान टीम के सदस्यों को नदी में तैरते और किनारे पड़े वोटर आईडी कार्ड मिले।
कांग्रेस ने बताया कि इस मामले में पंचनामा तैयार हो चुका है और एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
कांग्रेस नेता ने कार्डों को लेकर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि कार्डों पर वर्ष 2016 दर्ज है और उन पर इंदौर के तिलक नगर, आस्था पैलेस सहित अन्य पते लिखे हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट होना बाकी है कि ये कार्ड नर्मदा नदी तक कैसे पहुंचे और इन्हें वहां किसने फेंका। कांग्रेस ने इस मामले को वोटर सूची से जुड़ी कथित अनियमितताओं से जोड़ते हुए जांच की मांग की है।

0 Comments