इंदौर में नियमितीकरण और अन्य मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर 5 अक्टूबर से सफाई कार्य बंद करने की चेतावनी दी है।
इंदौर। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने नियमितीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को निगम मुख्यालय में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारी करीब 11:30 बजे निगम पहुंचे और परिसर में जमीन पर बैठकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने ‘बाहर आकर बात करो’, ‘निगम कमिश्नर इस्तीफा दो’, ‘जातिवाद बंद करो’ और ‘निगम कमिश्नर हाय-हाय’ के नारे लगाए। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से नियमितीकरण, वेतन-भत्ते, अनुकंपा नियुक्ति और अन्य समस्याओं को लेकर निगम आयुक्त व महापौर को आवेदन दिए गए, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। कर्मचारियों ने निगम आयुक्त को पत्र देकर 5 अक्टूबर 2026 से सफाई कार्य बंद करने की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि 24 अगस्त 2026 को महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सफाई कर्मचारियों की मांगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इनमें 16 मई 2007 के बाद नियुक्त दैनिक वेतनभोगी सफाई कर्मचारियों के विनियमितीकरण के लिए शासन को पत्र भेजना, पात्र कर्मचारियों को चतुर्थ श्रेणी के समान वेतनमान का लाभ दिलाने की प्रक्रिया और अनुकंपा नियुक्ति के मामलों में कार्रवाई जैसे निर्देश शामिल थे।


0 Comments