इंदौर में ₹20 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का भूमिपूजन, कुशवाह नगर को मिलेगी नई सड़क

 इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा-1 के कुशवाह नगर में ₹18 करोड़ की सड़क और ₹2.25 करोड़ की नर्मदा लाइन के कार्यों का भूमिपूजन किया। सड़क बनने से बाणगंगा और मरीमाता क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही, 100 गरीब और प्रतिभावान बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए नमो कोचिंग क्लासेस शुरू करने की योजना बताई गई।

इंदौर में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार, 23 अक्टूबर को विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 के कुशवाह नगर में करीब ₹20.25 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें ₹18 करोड़ की लागत से टिगरिया बादशाह से कुशवाह नगर मेन रोड होते हुए बाणगंगा तक सड़क निर्माण और अमृत 2.0 योजना के तहत ₹2.25 करोड़ की लागत से नर्मदा लाइन बिछाने का कार्य शामिल है।

उन्होंने बताया कि रहवासियों और व्यापारियों की मांग को ध्यान में रखते हुए सड़क की चौड़ाई 100 फीट के बजाय 60 फीट निर्धारित की गई है। व्यापारियों की मांग पर सड़क निर्माण का काम दिवाली के बाद शुरू करने की बात भी कही गई।

विजयवर्गीय के अनुसार, सड़क बनने से बाणगंगा और मरीमाता क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। आगामी सिंहस्थ को देखते हुए भी इस मार्ग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम में उन्होंने गरीब और प्रतिभावान बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए नमो कोचिंग क्लासेस शुरू करने की जानकारी दी। इसके तहत 100 बच्चों का चयन कर उन्हें प्रशिक्षण देने की योजना है।

इस दौरान महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पार्षद शिवम यादव, सीमा कृष्णवल्लभ डाबी , एम आई सी सदस्य मनीष शर्मा, निरंजन सिंह चौहान, बबलू शर्मा, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय रहवासी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments