कलेक्टर के निर्देश पर वी वन अस्पताल की अपंजीकृत सोनोग्राफी मशीन सीलबंद
इंदौर। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार इंदौर स्थित वी वन अस्पताल (ए यूनिट ऑफ मेडिहील हेल्थकेयर प्रा. लि.), गीता भवन चौराहा में पंजीयन प्रमाण-पत्र में दर्ज मशीन के अतिरिक्त पाई गई एक अन्य सोनोग्राफी मशीन को सीलबंद करने की कार्रवाई की गई है। साथ ही अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर नियमानुसार आगामी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बताया गया कि अस्पताल का पीसीपीएनडीटी पंजीयन क्रमांक 767 है। कलेक्टर श्री वर्मा के निर्देश पर 23 अक्टूबर 2026 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी के निर्देशन में निरीक्षण दल द्वारा अस्पताल का निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान पंजीयन प्रमाण-पत्र में दर्ज मशीन के अतिरिक्त स्टोर रूम में एक अन्य सोनोग्राफी मशीन पाई गई। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित मशीन को सीलबंद करने के निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में डॉ. दिव्यानी अहरवाल एवं श्रीमती दीपमाला बामने को मौके पर भेजकर अपंजीकृत मशीन को सीलबंद कराया गया।
इसके साथ ही अस्पताल संचालक को नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरण में नियमानुसार आगामी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

0 Comments