लुधियाना के बहादुर रोड पर तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसा CCTV कैमरे में कैद हो गया।
लुधियाना के बहादुरके रोड पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार Tiago EV कार ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार कई वाहनों को टक्कर मारती हुई दिखाई दे रही है।
जानकारी के मुताबिक, सफेद रंग की कार ने सबसे पहले एक साइकिल और बाइक सवार को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार उछलकर करीब 30 फीट दूर जा गिरा। इसके बाद कार ने दो ई-रिक्शा और एक एक्टिवा को भी अपनी चपेट में ले लिया। एक ई-रिक्शा टक्कर के बाद सड़क पर पलट गया।
हादसे में घायल ई-रिक्शा चालक जतिंदर पाल सिंह के पैर में फ्रैक्चर और सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कार की रफ्तार काफी ज्यादा होने की बात कही है, हालांकि वास्तविक स्पीड की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सलेम टाबरी पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर हादसे की वजह की जांच कर रही है। चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही होगी।

0 Comments