इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ के बाद सियासत तेज, जीतू पटवारी का BJP पर पलटवार

 इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद सियासत तेज हो गई है। जीतू पटवारी ने भाजपा के ‘झूठ की गूंज’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए सवाल उठाया कि क्या वे छात्र भी झूठे हैं, जो परीक्षा लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं?

इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कार्यक्रम को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने इसे रोकने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र कार्यक्रम में पहुंचे।

पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि “मोहन जी, आपके पास केवल दो साल बचे हैं और भाजपा वाले खुद आपकी कुर्सी छीनने में लगे हुए हैं।”

पटवारी ने भाजपा के ‘झूठ की गूंज’ वाले हमले पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर छात्र अपनी समस्याएं और सवाल लेकर कार्यक्रम में पहुंचे थे, तो क्या वे छात्र झूठे हैं? उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने परीक्षा लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों के खिलाफ आवाज उठाई, क्या उनकी आवाज को भी झूठ कहा जाएगा?

दरअसल, कार्यक्रम से पहले और बाद में भाजपा की ओर से राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को ‘झूठ की गूंज’ बताया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्रों और शिक्षा जैसे मुद्दों पर तथ्यों और आंकड़ों के साथ संवाद होना चाहिए।

वहीं, कार्यक्रम में छात्रों ने MPPSC, नर्सिंग, प्रतियोगी परीक्षाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवाल उठाए।

अब ‘छात्रों की गूंज’ बनाम ‘झूठ की गूंज’ को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

Post a Comment

0 Comments