इंदौर। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पुलिस विभाग एवं क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिले में ध्वनि प्रदूषण की स्थिति तथा इसके नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित नियमों एवं शासन द्वारा जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को ध्वनि प्रदूषण के मामलों में सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि ध्वनि प्रदूषण से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। ध्वनि प्रदूषण से संबंधित शिकायत नगर निगम के 311 एप के माध्यम से की जा सकती है। एप पर प्राप्त शिकायतों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारी अथवा पुलिस को प्रेषित किया जाएगा। नागरिक ध्वनि प्रदूषण से संबंधित मामलों की सूचना देकर प्रशासन को प्रभावी नियंत्रण एवं कार्रवाई में सहयोग कर सकते हैं।

0 Comments