इंदौर। राज्य सायबर पुलिस, जोनल कार्यालय इन्दौर द्वारा सायबर धोखाधड़ी के एक प्रकरण में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़िता के बैंक खाते से ठगी गई ₹15,00,027/- की संपूर्ण राशि को फ्रॉडस्टर्स द्वारा विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाने के पश्चात नगद निकासी होने से पूर्व ही फ्रीज/सुरक्षित कराने में सफलता प्राप्त की गई। समय पर सूचना प्राप्त होने के कारण पीड़िता को इस सायबर ठगी से आर्थिक क्षति नहीं होने दी गई। BSNL से सेवानिवृत्त 64 वर्षीय महिला अधिकारी श्रीमती वंदना शर्मा, निवासी विजय नगर, इन्दौर के मोबाइल नंबर पर अज्ञात मोबाइल नंबर 8117005300 से एक व्यक्ति द्वारा फोन किया गया। उक्त व्यक्ति ने स्वयं को प्रदीप धुर्वे बताते हुए पीड़िता को उसके ICICI बैंक खाते के KYC अपडेट के संबंध में बताया।
फ्रॉडस्टर द्वारा घटना को निम्न प्रकार से अंजाम दिया गया—
1. KYC अपडेट के नाम पर संपर्क – फ्रॉडस्टर ने बैंक अधिकारी होने का विश्वास दिलाकर पीड़िता से संपर्क किया तथा KYC अपडेट करने की बात कही।
2. फर्जी WhatsApp प्रोफाइल का उपयोग – मोबाइल नंबर 9770430054 से WhatsApp पर संपर्क किया गया, जिस पर “ICICI BANK” नाम प्रदर्शित हो रहा था।
3. फर्जी APK भेजी गई – पीड़िता के WhatsApp पर “ICICI BANK PAN UPDATE.apk” नामक APK फाइल भेजी गई और उसे बैंक की आधिकारिक फाइल बताकर खोलने के लिए कहा गया।
4. बैंकिंग जानकारी प्राप्त की गई – APK फाइल खोलने के बाद प्रदर्शित फॉर्म में पीड़िता से आवश्यक जानकारी भरवाई गई तथा उसके डेबिट कार्ड की जानकारी एवं CVV भी दर्ज करवाया गया।
5. iMobile ऐप में लॉगिन करवाया – इसके बाद फ्रॉडस्टर ने पीड़िता को iMobile ऐप में लॉगिन करने के लिए कहा। पीड़िता ने उसके निर्देशानुसार लॉगिन किया।
6. मोबाइल सेटिंग में छेड़छाड़ – उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों में मोबाइल की Call Forwarding/Always Forward सुविधा के माध्यम से कॉल को उक्त फ्रॉडस्टर के मोबाइल नंबर पर forward किए जाने की जानकारी भी सामने आई।
7. FD तोड़कर राशि खाते में लाई गई – पीड़िता के खाते से संबंधित FD स्वतः टूटने लगी और उसकी राशि बैंक खाते में क्रेडिट होने लगी।
8. राशि विभिन्न खातों में ट्रांसफर – FD से प्राप्त राशि सहित खाते में उपलब्ध राशि को फ्रॉडस्टर्स द्वारा विभिन्न बैंक खातों में अनधिकृत रूप से ट्रांसफर किया गया। कुल ₹15,00,027/- की राशि की धोखाधड़ी की गई।
पीड़िता को खाते से राशि निकलने की जानकारी प्राप्त होते ही उन्होंने बिना समय गंवाए 1930 हेल्पलाइन एवं राज्य सायबर सेल, इन्दौर से संपर्क किया। इस प्रकरण में पीड़िता द्वारा समय पर सूचना दिए जाने तथा राज्य सायबर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई किए जाने के परिणामस्वरूप फ्रॉडस्टर्स द्वारा विभिन्न खातों में ट्रांसफर की गई ₹15,00,027/- की संपूर्ण राशि को नगद निकासी होने से पूर्व सुरक्षित/फ्रीज करा लिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को लगभग 15 लाख रुपये की आर्थिक क्षति से बचाया गया।

0 Comments