इंदौर। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत शनिवार को रेवती रेंज में बड़े पैमाने पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और जल संसाधन मंत्री तुलसी राम सिलावट भी मौजूद रहे।
पौधारोपण के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि वे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के आमंत्रण पर इंदौर आए हैं। उन्होंने कहा कि कैलाश विजयवर्गीय से उनके आत्मीय संबंध हैं, वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उद्देश्य भी बेहद पवित्र है।
संविधान में भी वृक्ष संरक्षण का उल्लेख
मेघवाल ने कहा कि पेड़ प्रकृति का श्रृंगार हैं और भारतीय परंपरा में ऋषि-मुनियों ने भी वृक्षों का गुणगान किया है। उन्होंने संविधान के नीति निदेशक तत्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण और वन संरक्षण को लेकर नागरिकों तथा राज्य की जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में देशभर के लोगों ने भागीदारी की है। इंदौर में यह अभियान इसलिए विशेष बन गया है क्योंकि कैलाश विजयवर्गीय इसमें विशेष रुचि ले रहे हैं। इससे अभियान की लोकप्रियता और पौधारोपण का आंकड़ा दोनों बढ़े हैं।
कार्यक्रम में भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, जनकार्य समिति अध्यक्ष राजेंद्र राठौर सहित बड़ी संख्या में नागरिक और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 Comments