इंदौर। हायर एजुकेशन लाइब्रेरी प्रोजेक्ट (HELP) द्वारा इंदौर के महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज (MGM) के सभागृह में 'मेडिकल साइंस' विषय पर एक क्षेत्रीय प्रश्न-उत्तर प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के 40 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विजेताओं को कुल 1.5 लाख रुपये के नकद पुरस्कार, ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र तथा सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन एवं पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि सांसद शंकर लालवानी तथा डॉ. प्रकाश बंगानी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. अनिल भंडारी, डॉ. दिलीप आचार्य, डॉ. मनोहर भंडारी, डॉ. अजय भट्ट, डॉ. साधना सांवतस्कर, डॉ. आशुतोष सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक और लगभग 200 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के परिणाम:
व्यक्तिगत श्रेणी: प्रतियोगिता में DLNP रतलाम मेडिकल कॉलेज के मोहम्मद दौडी ने प्रथम स्थान हासिल किया। MGM मेडिकल कॉलेज के आशीष कुमार झा द्वितीय और MGM मेडिकल कॉलेज की ही नेहल महाजन तृतीय स्थान पर रहीं।
टीम श्रेणी: MGM मेडिकल कॉलेज की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। DLNP रतलाम मेडिकल कॉलेज की टीम दूसरे तथा श्री अरविंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (SAIMS) इंदौर की टीम तीसरे स्थान पर रही।
समारोह में मुख्य अतिथि सांसद शंकर लालवानी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि "विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। एक अच्छा डॉक्टर बनकर शांति, समृद्धि और आनंद के लिए मरीजों को भगवान मानकर उनकी सेवा करें।"
प्रतियोगिता के 'प्रश्न-उत्तर मास्टर' डॉ. दिलीप आचार्य रहे। संस्था के महासचिव डॉ. अनिल भंडारी ने भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए आश्वासन दिया कि जल्द ही मध्य प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए अन्य एकेडमिक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में केतन भंडारी एवं श्रेया भंडारी ने आभार व्यक्त किया।

0 Comments