‘हम Gen Z हैं…’ कहकर जवानों से भीड़ गई महिला, चेकपोस्ट पर हंगामा; वायरल वीडियो पर मचा बवाल

 


लद्दाख। मिनिमार्ग चेकपोस्ट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला पर्यटक सुरक्षा कर्मियों और जवानों से बहस करती नजर आ रही है। महिला सड़क बंद होने और लंबे समय तक रोके जाने को लेकर नाराज थी। इसी दौरान उसने कहा, “हम Gen Z हैं और इस तरह की बकवास बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना 25 जुलाई के आसपास की है, जब कारगिल विजय दिवस के दौरान सुरक्षा कारणों से मिनिमार्ग-जोजिला मार्ग पर ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए गए थे। महिला का दावा है कि उन्हें कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा। वीडियो में वह मौके पर विरोध करती भी दिखाई देती है।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर महिला के रवैये की जमकर आलोचना हुई। सेना के पूर्व अधिकारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था और जवानों के प्रति सम्मान बनाए रखने की बात कही। पूर्व सेना अधिकारी केजेएस ढिल्लों ने कहा कि जवान दिन-रात सीमा की सुरक्षा करते हैं और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार होना चाहिए।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “हम Gen Z हैं” को धमकी या अधिकार जताने के तरीके के रूप में इस्तेमाल करना ठीक नहीं है।

हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद महिला को सफाई देते हुए भारतीय सेना से माफी मांगनी पड़ी।

Post a Comment

0 Comments