इंदौर। इंदौर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में मंगलवार शाम एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि एंजियो के दौरान महिला की मौत हो गई, जिसके बाद परिजन आक्रोशित हो गए।
कुछ ही देर में अस्पताल में बड़ी संख्या में परिजन एकत्र हो गए। आरोप है कि आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ के साथ मारपीट की। स्थिति बिगड़ने पर कुछ डॉक्टर और कर्मचारी अपनी जान बचाकर वहां से निकल गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हंगामे के कारण अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल की व्यवस्था सामान्य रखने और मरीजों का इलाज जारी रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

0 Comments