खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
इंदौर। बाणगंगा क्षेत्र में चना, मूंगफली, परमल एवं मटर की प्रोसेसिंग इकाइयों पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए लगभग 4,000 किलोग्राम खाद्य सामग्री जप्त की गई। एक प्रतिष्ठान में बिना वैध पंजीयन/लाइसेंस संचालन पाए जाने पर निर्माण-प्रोसेसिंग कार्य कराया गया स्थगित।
कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा प्रशासन में पदस्थ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा निधि वर्मा, एसडीएम मल्हारगंज, रूचि जाट, डिप्टी कलेक्टर, सपना शर्मा, तहसीलदार, अजय अहिरवाल, तहसीलदार एवं सहदेव मौर्य, तहसीलदार के साथ संयुक्त रूप से खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं कार्रवाई की गई।
न्यू NK चना परमल पर कार्रवाई
विशाल नगर, बाणगंगा स्थित मेसर्स न्यू NK चना परमल का निरीक्षण किया गया। परिसर में चना, पीनट, परमल आदि खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं प्रोसेसिंग किया जाना पाया गया। मौके पर प्रोपराइटर श्री मुकेश कुमार जायसवाल उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। परिसर से चना के 02, पीनट एवं दाना के 02 तथा तले हुए मटर का 01, इस प्रकार कुल 05 नमूने जांच हेतु लिए गए। साथ ही लगभग 1,950 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹2.50 लाख है, को आगामी जांच/वैधानिक कार्रवाई तक जप्त किया गया।
शिवम ट्रेडर्स, बाणगंगा
एक अन्य कार्रवाई में शिवम ट्रेडर्स, बाणगंगा, इंदौर का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान से पीनट/मूंगफली के कुल 04 नमूने लिए गए, जिनमें 02 पैक एवं 02 लूज नमूने शामिल हैं। मौके से लगभग 280 किलोग्राम मूंगफली, जिसकी अनुमानित कीमत ₹36,400 है, को जप्त किया गया।
अमरनाथ चना परमल भंडार
172, बाणगंगा मेन रोड, इंदौर स्थित अमरनाथ चना परमल भंडार का भी निरीक्षण किया गया। यहां से खाद्य पदार्थ मूंगफली, चना एवं मटर के कुल 04 नमूने जांच हेतु लिए गए। मौके से लगभग 1,377 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत ₹83,626 है, को जप्त किया गया।
राजकुमार जायसवाल, बाणगंगा पर कार्रवाई
फर्म राजकुमार जायसवाल, बाणगंगा, इंदौर से मूंगफली दाना एवं धनिया पाउडर के 02 नमूने जांच हेतु लिए गए। मौके से लगभग 300 किलोग्राम मूंगफली दाना एवं 150 किलोग्राम धनिया पाउडर, कुल 450 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹50,000 है, जप्त की गई। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान का खाद्य पंजीयन अथवा खाद्य लाइसेंस उपलब्ध नहीं पाया गया। इस पर तत्काल प्रकरण तैयार किया गया तथा परिसर में संचालित खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं प्रोसेसिंग कार्य को स्थगित कराया गया।
एक अन्य मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर A-319, जीवनदीप कॉलोनी, सिंधी कॉलोनी, इंदौर स्थित सतगुरु बेकर्स का निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रभारी श्री राजकुमार साहा पिता श्री लखन साहा उपस्थित मिले। निरीक्षण के दौरान वैध खाद्य पंजीयन प्रस्तुत नहीं किया गया तथा अस्वच्छ परिस्थितियों में केक का निर्माण किया जाना पाया गया। मौके से केक का नमूना जांच हेतु लिया गया। इसी प्रकार शिकायत के आधार पर चाय ठिकाना, 9/3 मनोरमा गंज, गीता भवन, इंदौर का निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रोपराइटर श्री पुष्पेंद्र सिंह चौहान उपस्थित मिले। प्रतिष्ठान से बन मस्का एवं पनीर के 02 नमूने जांच हेतु लिए गए।
इसके अतिरिक्त यादव श्री रेस्टोरेंट, राजा बाग, कुशवाहा नगर, इंदौर से गुलाब जामुन एवं मोतीचूर लड्डू के नमूने जांच हेतु लिए गए।

0 Comments