सरकारी स्कूल के 900 बच्चों को मिला शिक्षा का तोहफा, विधायक रमेश मेंदोला और पार्षद जीतू यादव ने बांटे बैग, कॉपी, पेन और कपड़े

 


इंदौर। शहर के कलकुर्णी नगर स्थित शासकीय विद्यालय में मंगलवार को विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 900 बच्चों को विधायक रमेश मेंदोला और पार्षद जीतू यादव द्वारा स्कूल बैग, कॉपी, पेन और कपड़ों का वितरण किया गया।

उपहार वितरण से पहले सभी बच्चों को भोजन कराया गया। इसके बाद एक-एक कर विद्यार्थियों को शिक्षा से जुड़ी आवश्यक सामग्री भेंट की गई।

पार्षद जीतू यादव ने देश ध्वनि से बातचीत में बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बच्चों के साथ भोजन किया गया और उन्हें पढ़ाई के लिए जरूरी सामग्री वितरित की गई। उन्होंने विधायक रमेश मेंदोला से विद्यालय के बच्चों के लिए एक खुले खेल मैदान की व्यवस्था करने का अनुरोध भी किया। उनका कहना था कि मैदान उपलब्ध होने से बच्चों का मानसिक विकास ही नहीं, बल्कि शारीरिक विकास भी बेहतर होगा।

कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि जीवन में बड़ा और सफल इंसान बनना है, तो प्रतिदिन अपने माता-पिता के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद जरूर लेना चाहिए।


विधायक रमेश मेंदोला ने अपने संबोधन में पार्षद जीतू यादव के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एक जनसेवक को जिस तरह जनता के बीच रहकर काम करना चाहिए, जीतू यादव उसी भावना के साथ क्षेत्र की सेवा कर रहे हैं।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति मुन्नालाल यादव, नगर महामंत्री सुधीर कोल्हे, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, चंदू शिंदे, जितेंद्र कौल, तन्नू शर्मा, करणी सेना अनुराग सिंह रावत समेत कई दिग्गज मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments