इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र के भागीरथपुरा में शराब पीने को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। 10 अगस्त की रात आर्य समाज वाली गली में पड़ोसी और दोस्त हरिओम बंजारा ने 50 वर्षीय राजेश नायक पर सब्जी काटने वाले चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल राजेश को पुलिस ने तत्काल एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, राजेश नायक और हरिओम बंजारा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के रहने वाले हैं। दोनों इंदौर में किराए पर रहकर फेरी लगाकर बर्तन बेचने का काम करते थे और पुराने दोस्त बताए जा रहे हैं। दोनों अक्सर साथ में शराब भी पीते थे। सोमवार रात शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान हरिओम ने राजेश पर चाकू से कई वार कर दिए।
घटना की सूचना मिलते ही बाणगंगा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजेश को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी हालत गंभीर थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिओम बंजारा को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

0 Comments