दतिया हार के बाद सियासत गरमाई, पूर्व मंत्री बोले- 'यह भीतरघात नहीं, जनता का प्रहार'

 


दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। एक ओर भाजपा हार के कारणों की समीक्षा में जुटी है, वहीं कांग्रेस इसे जनता का फैसला बताते हुए लगातार भाजपा पर हमलावर है। दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।




इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने सोशल मीडिया पर भाजपा पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने लिखा, "भाजपा के बड़े नेता बैठक कर हार का मंथन कर रहे हैं और भीतरघात का रोना रो रहे हैं। अरे नादानों, यह भीतरघात नहीं, जनता का प्रहार है। भाजपा के कुशासन और भ्रष्टाचार पर दतिया की जनता ने करारा जवाब दिया है। देश और प्रदेश का मिजाज भी बता दिया है।"

सज्जन सिंह वर्मा का यह बयान ऐसे समय आया है जब भाजपा ने दतिया उपचुनाव में मिली हार की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति चुनाव से जुड़े पदाधिकारियों और नेताओं से चर्चा कर हार के कारणों का विश्लेषण करेगी और अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगी।

दूसरी ओर कांग्रेस इस जीत को जनता का विश्वास बता रही है और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनमत करार दे रही है। आने वाले दिनों में दोनों दलों के बीच इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

Post a Comment

0 Comments