इंदौर। बायपास स्थित Adam’s Ale Restaurant (Sahastra Food and Services Pvt. Ltd.) में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने शिकायत के बाद जांच की। CM हेल्पलाइन पर मिली शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के संयुक्त दल ने रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया, जहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच के दौरान स्टोर रूम में 10 से अधिक एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद मिले। वहीं पिस्ता, मिर्च पाउडर और सौंफ में कीड़े पाए गए। खाद्य सुरक्षा मानकों और स्वच्छता संबंधी कमियों को देखते हुए प्रशासन ने रेस्टोरेंट का फूड लाइसेंस आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
पानी की जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र भी नहीं मिले
जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिली। इसके अलावा खाद्य निर्माण और हैंडलिंग से जुड़े कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। रेस्टोरेंट में वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को एक ही डीप फ्रीजर में रखा जाना भी पाया गया।
पनीर से लेकर राजमा तक 6 सैंपल लिए
खाद्य सुरक्षा टीम ने जांच के दौरान कुल 6 खाद्य नमूने लिए। इनमें पनीर, दही, मिर्च पाउडर, सौंफ, पिस्ता और स्वच्छ राजमा चक्र शामिल हैं। सभी नमूनों को खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर मिले एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को रेस्टोरेंट संचालक के हाथों नष्ट कराया गया, ताकि उनका दोबारा इस्तेमाल न हो सके।
पहले भी दो मामलों में लग चुका है जुर्माना
अधिकारियों के अनुसार, रेस्टोरेंट के खिलाफ पहले भी दो प्रकरण न्याय निर्णायक अधिकारी के समक्ष पेश किए जा चुके हैं। दोनों मामलों में प्रतिष्ठान पर अर्थदंड लगाया गया था। फिलहाल दोनों प्रकरण अपीलीय ट्रिब्यूनल में लंबित हैं।
अधिकारियों ने बताया कि प्रतिष्ठान द्वारा खाद्य अनुज्ञप्ति की शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा था। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य कारोबार का अनुज्ञापन एवं पंजीयन) विनियम, 2011 की अनुसूची-4 के प्रावधानों का पालन नहीं मिलने पर कार्रवाई की गई।


0 Comments