दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर बड़ा फैसला लिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर दतिया उपचुनाव के परिणामों की समीक्षा के लिए गठित दो सदस्यीय समिति की अनुशंसा के आधार पर भाजपा दतिया जिले की वर्तमान संगठनात्मक संरचना को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।
प्रदेश संगठन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि समीक्षा समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। इससे पहले उपचुनाव में हार के कारणों की जांच के लिए प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे और वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा की दो सदस्यीय समिति बनाई गई थी। समिति ने स्थानीय पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद अपनी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपी थी।
भाजपा के इस फैसले को दतिया उपचुनाव में मिली हार के बाद संगठन में जवाबदेही तय करने और नए सिरे से संगठन को खड़ा करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब जल्द ही दतिया जिले में नए संगठनात्मक ढांचे के गठन की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।

0 Comments