प्रेमी के साथ रिश्ते का राज खुलने के डर से बेटी को मार डाला

 


भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र में कुएं से मिली 6 साल की बच्ची सृष्टि की मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने बच्ची की मां ज्योति और उसके प्रेमी रामशंकर को गिरफ्तार किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों ने मिलकर बच्ची की गला दबाकर हत्या की और शव कुएं में फेंक दिया था।

15 जून को मेहरा गांव के एक कुएं में बच्ची का शव मिला था। जांच के दौरान पता चला कि बच्ची को आखिरी बार उसकी मां ज्योति के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने ज्योति और उसके संपर्क में रहने वाले रामशंकर के बारे में जानकारी जुटाई।

जांच में सामने आया कि रामशंकर, ज्योति के पति धर्मेंद्र का दोस्त था और दोनों गुजरात में मजदूरी करते थे। इसी दौरान ज्योति और रामशंकर के बीच नजदीकियां बढ़ीं। बाद में ज्योति बच्ची को लेकर रामशंकर के साथ चली गई थी।

बताया जा रहा है कि बच्ची को दोनों के रिश्ते की जानकारी हो गई थी और वह परिवार को इसकी जानकारी देने की बात कह रही थी। इसी के बाद दोनों ने उसकी हत्या की साजिश रची। जिसके बाद बच्ची की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव कुएं में फेंक दिया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की और उन्हें ग्वालियर से पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Post a Comment

0 Comments