मंडला में दर्दनाक हादसा: खेत की जुताई के दौरान पलटा ट्रैक्टर, नीचे दबने से 26 वर्षीय युवक की मौत

 


मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले में खेत की जुताई के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की जान चली गई। ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक उसके नीचे दब गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना मोतीनाला थाना क्षेत्र के मवई विकासखंड अंतर्गत ग्राम भदवार की है। बताया जा रहा है कि 26 वर्षीय नंदकुमार यादव, पिता सोनू सिंह यादव, अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान किसी कारणवश ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही नंदकुमार उसके नीचे दब गए।

हादसा होते ही आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर के नीचे दबे युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

Post a Comment

0 Comments