सराफा व्यापारी से 35 हजार की लूट, फरार आरोपी पुलिस गिरफ्त में





सागर। मोतीनगर थाना पुलिस ने सराफा व्यापारी से लूट और चाकूबाजी की वारदात में करीब एक माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक 17 जून को ग्राम रिछावर निवासी सराफा व्यापारी मनीष सोनी ने मोतीनगर थाने में लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। व्यापारी ने बताया था कि वह सोना-चांदी का सामान खरीदने के लिए बड़ा बाजार आए थे और उनके पास 35 हजार रुपए नकद थे।

शिकायत के अनुसार गुलाब बाबा मंदिर के पास चार युवकों ने उनका रास्ता रोककर मारपीट की और चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी उनकी जेब में रखे 35 हजार रुपए लेकर फरार हो गए थे।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पहले तीन आरोपियों ओम कोरी, निखिल बंसल और नीलेश बंसल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं चौथा आरोपी सोनू बच्चा उर्फ राज वाल्मीकि फरार चल रहा था।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए संत कबीर वार्ड निवासी 19 वर्षीय सोनू बच्चा उर्फ राज वाल्मीकि को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

0 Comments