मुंबई। फिनटेक स्टार्टअप नोवियो ने दावा किया है कि उसके 90% ग्राहकों को आवेदन के एक दिन के भीतर क्रेडिट कार्ड मिल जाता है। कंपनी के फाउंडर और सीईओ आदित्य गुप्ता ने बताया कि नोवियो का लक्ष्य उन करोड़ों भारतीयों तक पहुंचना है, जिनके पास यूपीआई की सुविधा तो है, लेकिन क्रेडिट कार्ड नहीं है।
आदित्य गुप्ता के अनुसार, भारत में क्रेडिट कार्ड का उपयोग अभी भी काफी कम है। कंपनी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के बदले रुपे क्रेडिट कार्ड उपलब्ध करा रही है, जिसे यूपीआई से जोड़ा जा सकता है। इसमें आय प्रमाण या क्रेडिट हिस्ट्री की जरूरत नहीं होती।
उन्होंने बताया कि ग्राहक नोवियो ऐप के जरिए कम से कम 2 हजार रुपये की एफडी खोलकर कार्ड ले सकते हैं। एफडी राशि का 90% हिस्सा क्रेडिट लिमिट के रूप में मिलता है और एफडी पर ब्याज भी जारी रहता है। कंपनी का दावा है कि पूरी प्रक्रिया करीब पांच मिनट में डिजिटल तरीके से पूरी हो जाती है।
नोवियो के मुताबिक, कंपनी अब तक एक लाख से ज्यादा सिक्योर्ड क्रेडिट कार्ड जारी कर चुकी है और अगले तीन वर्षों में 50 लाख कार्ड जारी करने का लक्ष्य रखा है। कंपनी टियर-2 से टियर-5 शहरों में अपनी पहुंच बढ़ाने पर भी काम कर रही है।

0 Comments