इंदौर। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर इंदौर में रविवार को कांग्रेस ने विशाल विजय मार्च निकाला। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और पदाधिकारी इस मार्च में शामिल हुए। मार्च की शुरुआत मधुमिलन चौराहे से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गीता भवन चौराहे स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर जाकर समाप्त हुआ।
मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों के लंबे संघर्ष और देशभर में हुए आंदोलनों के बाद केंद्र सरकार को शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में कदम उठाने पड़े। उन्होंने इसे छात्रों की लड़ाई की जीत बताते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
गीता भवन चौराहे पर आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित छात्रों को याद किया। इस दौरान उन विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिन्होंने कथित तौर पर परीक्षा और पेपर लीक से जुड़े तनाव के कारण अपनी जान गंवाई। सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत छात्रों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे, निगम में नेता परिपक्ष सोनिला मीमरोट, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पिंटू जोशी, विवेक खंडेलवाल, अमन बजाज, प्रवक्ता अमित चौरसिया, प्रवक्ता राजेश चौकसे, अरविंद बागदी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

0 Comments