भोपाल। राजधानी भोपाल के रायसेन रोड स्थित छावनी पठार के पास शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 32 वर्षीय पेंटिंग ठेकेदार शेख अमजद की मौत हो गई, जबकि उनका ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब दोनों बाइक से मंडीदीप स्थित एक साइट का निरीक्षण कर 11 मील बायपास होते हुए रायसेन रोड से लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, शेख अमजद जिला रायसेन के निवासी थे और पेंटिंग ठेकेदारी का कार्य करते थे। लौटते समय पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के दो टुकड़े हो गए और दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान रविवार सुबह शेख अमजद ने दम तोड़ दिया, जबकि उनके ममेरे भाई का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर बिलखिरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर थाने ले गई। पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है।
रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शेख अमजद का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

0 Comments