'एक पेड़ मां के नाम' से हरियाली की ओर इंदौर, रमना में 50 हजार पौधे रोपे

 


इंदौर। इंदौर को हराभरा बनाने के संकल्प के साथ रविवार को बिजासन टेकरी के सामने स्थित वन विभाग की भूमि 'रमना' पर 50 हजार पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इस वर्ष शहर में 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही एक हजार बगीचों में 3.5 लाख वृक्ष लगाकर उन्हें ऑक्सीजन जोन के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से प्रेरित होकर यह अभियान चलाया जा रहा है। बारिश शुरू होते ही प्रतिदिन एक लाख पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने वन विभाग से पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि पौधे लगाना ही नहीं, उन्हें वृक्ष बनाना भी हमारी जिम्मेदारी है।

अपने संबोधन में विजयवर्गीय ने पेड़ों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि "एक पेड़ लगाना एक शिवालय के निर्माण जितना पुण्य का कार्य है। पेड़ जहर पीते हैं और हमें ऑक्सीजन रूपी अमृत देते हैं। पेड़ों के बिना जीवन की कल्पना असंभव है।"

उन्होंने बताया कि सामान्यतः पौधों के जीवित रहने की दर लगभग 70 प्रतिशत होती है। इसलिए शेष पौधों के स्थान पर नए पौधे लगाने के लिए एक विशेष नर्सरी भी विकसित की जाएगी, ताकि हरियाली का अभियान लगातार जारी रहे।

इस दौरान विधायक मधु वर्मा, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, जिलाध्यक्ष श्रवण चावड़ा, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया, मनीष शर्मा, अश्विन शुक्ला, कमल बघेला, राजेंद्र राठौड़ समेत कई दिग्गज मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments