दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल दतिया पहुंचकर पार्टी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में विशाल रोड शो करेंगे। भाजपा का दावा है कि इस रोड शो में विभिन्न समाजों के हजारों लोग शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 4:30 बजे हवाई मार्ग से दतिया पहुंचेंगे। इसके बाद वे विश्व प्रसिद्ध मां पीताम्बरा शक्तिपीठ में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके पश्चात शाम 5 बजे सिंधी धर्मशाला में आयोजित कुशवाह समाज के सम्मेलन को संबोधित करेंगे और समाज के लोगों से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे।
सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी मां पीताम्बरा शक्तिपीठ के पश्चिम द्वार से भैंरो मंदिर बड़ी तिगैलिया तक विशाल रोड शो में शामिल होंगे। रोड शो के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और विभिन्न समाजों के हजारों नागरिक मौजूद रहेंगे।
दतिया उपचुनाव को भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई माना जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष का यह दौरा चुनावी माहौल को और गर्माने वाला माना जा रहा है। भाजपा इस रोड शो के जरिए शक्ति प्रदर्शन करते हुए अधिक से अधिक जनसमर्थन जुटाने की कोशिश करेगी।

0 Comments